हल्द्वानी में कांग्रेस ने निकाली जन आक्रोश रैली, उत्तराखंड सरकार पर जमकर बोला हमला

punjabkesari.in Monday, Sep 30, 2024 - 02:21 PM (IST)

हल्द्वानीः उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोल दिया है। दरअसल, कांग्रेस ने आज यानी 30 सितंबर को एमबी (MB) ग्राउंड से लेकर डीएम (DM) कैंप तक जन आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल स्थानीय विधायक सुमित हृदेश मौजूद रहे।

हल्द्वानी में आज यानी सोमवार को कांग्रेस ने नियम कानून व्यवस्था,महिला अपराध, विकास कार्यों में अनदेखी को लेकर विशाल जन आक्रोश रैली निकाली। इसमें नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के अलावा कांग्रेस के कई बड़े नेता मौजूद रहे। इस विशाल जन आक्रोश रैली में नैनीताल जिले के साथ-साथ उधम सिंह नगर से भारी संख्या में कांग्रेसी पहुंचे थे। इस दौरान रैली हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान से शुरू होकर जिलाधिकारी कैंप कार्यालय तक पहुंची। जहां कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। वहीं मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिला अपराध बढ़ता जा रहा है। साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार और अधिकारी तानाशाही रवैया अपना रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कुमाऊं मंडल में पिछले दिनों हुई भारी आपदा के चलते भारी नुकसान पहुंचा है। साथ ही राज्य में अभी भी कई जगह पर सड़कें बंद हैं। इसके अलावा नैनीताल जनपद में कई ऐसी समस्या है जो पिछले कई सालों से अटकी पड़ी हुई है। वहीं आगे कहा कि आईएसबीटी और रिंग रोड ठंडे बस्ते में चला गया है। लेकिन सरकार और जिला प्रशासन इस पर कोई काम नहीं कर रहा है।विधायक इन सभी मुद्दों को कई बार विधानसभा में भी उठा चुके हैं। लेकिन इन मुद्दों पर अभी तक सरकार गंभीर नहीं हुई है। वहीं सरकार की लापरवाही के चलते ही इन सभी मुद्दों को लेकर आज कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News