Chardham Yatra: इस दिन शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा; श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम; एक हफ्ते पहले तैनात की जाएगी फोर्स
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 03:40 PM (IST)
Chardham Yatra 2026: चारधाम यात्रा इस साल 19 अप्रैल से शुरू होगी। इस दिन गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलेंगे। इसके बाद केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल (बुधवार) को और बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल (गुरुवार) को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
यात्रा को लेकर तैयारी में जुटा शासन-प्रशासन
यात्रा को लेकर सरकार और प्रशासन पूरी तैयारी में जुटे हैं। यात्रा शुरू होने से एक हफ्ते पहले ही सुरक्षा बल तैनात कर दिए जाएंगे। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप के अनुसार, हर 10 किलोमीटर पर एक सेक्टर बनाया जाएगा, जिसमें चार जवान ड्यूटी पर रहेंगे। इसके अलावा 57 भूस्खलन (लैंडस्लाइड) वाले क्षेत्रों में जेसीबी मशीनें भी तैनात रहेंगी, ताकि रास्ता जल्दी साफ किया जा सके।
ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए बनाई खास योजना
चारधाम यात्रा शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, इसलिए सभी विभाग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। पर्यटन, स्वास्थ्य, बिजली, लोक निर्माण, पेयजल, परिवहन, पुलिस, प्रशासन और पशुपालन विभाग मिलकर व्यवस्था मजबूत कर रहे हैं। वहीं, यात्रा मार्गों पर ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए पुलिस ने खास योजना बनाई है। वहीं श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए इस बार केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में नए बने अस्पताल भी शुरू किए जाएंगे। इससे किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को वहीं इलाज मिल सकेगा।
