उत्तराखंड में हादसाः शार्ट सर्किट से लगी आग ! कार पूरी तरह जली, लोगों में मचा हड़कंप
punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 03:23 PM (IST)
रूड़कीः उत्तराखंड में रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को एक चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई। चालक ने समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बढ़ेड़ी राजपूतान गांव निवासी इल्तिज़ा अपनी कार से दवाइयां लेने सहारनपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार के बोनट से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग ने भीषण रूप ले लिया और कार के अगले हिस्से से तेज लपटें उठने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तत्काल कार को सड़क किनारे रोककर बाहर छलांग लगा दी। इसके बाद आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क के बीचों-बीच जलती कार को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित रहा।
घटना की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। घटना के बाद चालक इल्तिज़ा ने वाहन निर्माता कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में कानूनी कारर्वाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
