कक्षा आठ की छात्रा से दुष्कर्म, पीड़िता ने निगला जहरीला पदार्थ; परिजनों के उड़े होश

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 11:26 AM (IST)

हरिद्वारः उत्तराखंड के हरिद्वार में से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक कक्षा आठ की छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ है। पीड़िता ने जहरीला पदार्थ निगला है। आनन-फानन में परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि गांव निवासी युवक ने घर ले जाकर दरिंदगी की है। नाबालिग की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।  

पुलिस को दी शिकायत में कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी 13 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया है। बताया कि बेटी कक्षा आठ में एक सरकारी स्कूल में पढ़ती है। आरोप है कि गांव में रहने वाला एक युवक उसे कई महीनों से परेशान कर रहा था। स्कूल आने-जाने के दौरान लड़की से छेड़खानी करता था। इसी बीच 24 फरवरी को युवक नाबालिग को अपने घर ले गया। इस दौरान युवक ने लड़की के साथ दरिंदगी की।

इसके बाद छात्रा ने घर पहुंचते ही जहरीला पदार्थ निगल लिया। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत स्थिर होने पर मां ने जहर खाने की वजह पूछी। रोती-बिलखती छात्रा ने मां को आपबीती सुनाई। छात्रा की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। घटना की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News