उत्तराखंड में आज से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना
punjabkesari.in Saturday, Feb 01, 2025 - 12:02 PM (IST)
देहरादूनः उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। दरअसल, राज्य में कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। इसी बीच आज यानी शनिवार को मौसम विभाग ने कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, राज्य में बारिश होने से ठिठुरन बढ़ जाएगी।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज यानी 1 फरवरी को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और देहरादून जनपदों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि बाकी जिलों का मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं। राज्य में सुबह और शाम के समय ठंड महसूस की जा रही है। लेकिन दोपहर के समय लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान से आज से ठंड की वापसी होने वाली है। वहीं, बात राजधानी देहरादून की करें तो आसमान साफ रहने के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने की आशंका हैं। साथ ही कुछ इलाकों में गर्जन के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
बता दें कि बीते शुक्रवार को राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि आज देहरादून का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।