उत्तराखंड पुलिस पर गिरी गाज! एसआई को तत्काल प्रभाव से किया निलंबित,गंभीर आरोप; SSP के एक्शन से महकमे में हड़कंप

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 09:29 AM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड सतकर्ता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने मंगलवार को ऊधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना के उप निरीक्षक अनवर अहमद को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने भी इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी उप निरीक्षक के निलंबन आदेश भी जारी कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊधमसिंह नगर के दिनेशपुर निवासी शिकायतकर्ता ने हल्द्वानी विजिलेंस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसके खिलाफ दिनेशपुर थाना में बिजली चोरी को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसकी विवेचना उप निरीक्षक अनवर अहमद को सौंपी गई है लेकिन उप निरीक्षक द्वारा मुकदमे को निपटाने के एवज में उससे 15000 रिश्वत की मांग की जा रही है। विजिलेंस की ओर शिकायत की पुष्टि के बाद एक ट्रेप टीम का गठन किया गया।

टीम ने आरोपी उप निरीक्षक को 15000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस महकमा हरकत में आया और एसएसपी ने आरोपी उप निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News