Uttarakhand News: नया यातायात प्लान जारी ! घर से बाहर निकलने से पहले पढ़ें...

punjabkesari.in Tuesday, Dec 09, 2025 - 03:56 PM (IST)

हरिद्वारः उत्तराखंड के हरिद्धार में पेराई सत्र के दौरान बढ़ते जाम और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात पुलिस ने मंगलौर कस्बे में मंगलवार से नया यातायात प्लान लागू किया है। शुगर मिलों में पेराई शुरू होते ही राजमार्ग और अन्य मार्गों पर गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही बढ़ जाती है, जिससे जाम और दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने गन्ना वाहनों के संचालन का समय निर्धारित कर दिया है।      

पुलिस के अनुसार दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक ही गन्ने की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कस्बे में चल सकेंगी। जबकि शाम पांच से रात आठ बजे तक इन वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। ओवरलोड ट्रॉली और कोहरे में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना इसका मुख्य उद्देश्य है। मंगलौर बस अड्डा, झबरेड़ा तिराहा, गंगनहर पुल, मंगलौर गुड़ मंडी और उत्तम शुगर मिल क्षेत्र जाम से सबसे अधिक प्रभावित रहते हैं। यहां गन्ना वाहन घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरते हैं, जिससे हर समय जाम की स्थिति बन जाती है। पेराई सत्र के दौरान पर्यटक और श्रद्धालु भी जाम में फंसकर परेशान होते हैं।      

यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कस्बे में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एक उपनिरीक्षक, दो यातायात पुलिसकर्मी और चार होमगार्ड पूरे क्षेत्र में व्यवस्था संभालेंगे। इंस्पेक्टर यातायात राजेंद्र नाथ ने बताया कि नया यातायात प्लान लागू होने से जाम की समस्या में कमी आएगी और दुर्घटनाओं पर भी रोक लगेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News