Uttarakhand News: 30 वर्षीय HIV पॉजिटिव कैदी की मौत, जेल प्रशासन में मचा हड़कंप
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 12:18 PM (IST)
नैनीताल: उत्तराखंड की नैनीताल जिला जेल में से एक कैदी की मौत का मामला सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक 30 वर्षीय कैदी एचआईवी पॉजिटिव था। काफी लंबे समय से बीमार चल रहा था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया है। बताया गया कि वह एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल में बंद था। विचाराधीन कैदी की मौत के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नैनीताल जिला जेल के एक 30 वर्षीय एचआईवी पॉजिटिव कैदी की मौत हुई है। वह हल्द्वानी के बनभूलपुरा का रहने वाला था। वर्ष 2025 अप्रैल में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार कर नैनीताल जिला जेल में भेजा गया था। बताया गया कि युवक नशे के इंजेक्शन का आदी था। जिस वजह से वह एचआईवी संक्रमण का शिकार हो गया था।
नैनीताल जिला जेल में एक दिन अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में कैदी को बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। बताया गया कि 18 फरवरी की देर रात सुशीला तिवारी अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। एसपी सीटी, मनोज कत्याल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
