Uttarakhand: भालू के हमले में 2 युवक गंभीर घायल...अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए घर से निकले थे
punjabkesari.in Thursday, Oct 30, 2025 - 08:28 AM (IST)
श्रीनगर गढ़वालः उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल में भयानक हादसा हुआ है। जहां खिर्सू में एक जंगली भालू ने दो युवकों पर हमला किया। घटना में दोनों के घायल होने की सूचना मिली है। बताया गया कि दोनों अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए घर से निकले थे। तभी यह हादसा हुआ है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना खिर्सू के माथीगांव में हुई है। जहां बुधवार को मुख्य मार्ग पर दो युवकों पर भालू ने हमला किया। वहीं, युवकों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर आसपास के लोग पहुंचे। उन्होंने किसी तरह दोनों को भालू के आतंक से बचाया। घटना में दोनों गंभीर घायल हुए है। आनन-फानन में घायलों को तत्काल श्रीनगर बेस अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी स्थिति सामान्य है। इस घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी रोष है।
घायलों की पहचान निवासी खिर्सू , माथीगांव के आदर्श पुत्र विक्रम सिंह व कठूली के आकाश सिंह पुत्र भागेश सिंह के रूप में हुई है। दोनों युवक अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए घर से निकले थे। तभी मुख्य मार्ग पर पहुंचते ही भालू के हमले में घायल हुए है। घटना से लोगों में भय और आक्रोश है। लोगों ने वन विभाग से जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
