उत्तराखंड में 48 घंटे बाद बिगड़ेगा मौसम, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी की आशंका; मौसम विभाग ने की बड़ी भविष्यवाणी
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 12:24 PM (IST)
देहरादूनः उत्तराखंड में 4 और पांच फरवरी के बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आज यानी बुधवार को प्रदेशभर में मौसम लगभग शुष्क रहने की संभावना है। पहाड़ों में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है। इन जनपदों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 6 फरवरी के लिए ताजा भविष्यवाणी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी बुधवार और गुरुवार को देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल में घने कोहरे की आशंका जताई गई है। इन जनपदों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 6 फरवरी को एक बार फिर प्रदेश में मौसम करवट लेगा। इस दौरान कुछ पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी होने के आसार है। ऐसे में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते क्षेत्र में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। इसी कारण तापमान में गिरावट देखी जा रही है। दिन के अधिकतम तापमान में हल्की कमी आई है, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण ठंड और ज्यादा महसूस की जा रही है। तापमान और नीचे जाने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक-दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
ऐसे में लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतकर्ता रखने की जरूरत है। रामनगर में बदले मौसम के चलते ठंड ने फिर से अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है, और लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों के साथ दिन की शुरुआत करनी पड़ रही है।
