Uttarakhand news: संदिग्ध आदमखोर तेंदुआ शिकारी दल की गोली से मारा गया

punjabkesari.in Wednesday, Sep 13, 2023 - 04:10 PM (IST)

 

पौड़ीः उत्तराखंड के पौड़ी जिले के अंतर्गत खिरसू ब्लॉक के ढिकाल गांव में पिछले सप्ताह चार वर्षीय बालिका को शिकार बनाने वाला संदिग्ध तेंदुआ शिकारी दल की गोली से मारा गया है।

एक वन अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात शिकारी दल का निशाना बने इस तेंदुए के बारे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह वही तेंदुआ हो सकता है, जिसने पांच सितंबर को ढिकाल गांव में चार वर्षीय आयशा नेगी को अपना शिकार बनाया था। घटना के समय आयशा घर के आंगन में खेल रही थी और उस समय उसकी दादी भी पास में थी कि अचानक तेंदुआ झपट्टा मार कर उसे झाड़ियां की ओर ले गया। बाद में आयशा का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों के भारी विरोध और आक्रोश को देखते हुए वन विभाग द्वारा तेंदुए को पिंजरे में पकड़ने या बेहोश कर पकड़ने के आदेश दिए गए थे और उसी दिन गांव में टीम तैनात हो गई थी।

गढ़वाल वनप्रभाग के वन प्रभागीय अधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि सोमवार रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे वन विभाग व शिकारी दल की संयुक्त टीम द्वारा गश्त कर तेंदुए की तलाश की जा रही थी कि अचानक तेंदुए ने संयुक्त टीम पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि टीम कुछ संभल पाती कि वह अंधेरे में गुम हो गया। कुछ देर बाद अचानक उसने फिर टीम पर हमला कर दिया। इस बार पहले से चौकन्ने शिकारी दल ने तेंदुए को गोली से मार गिराया।

वहीं अनिरुद्ध ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेंदुए के आगे के दो दांत (कैनाइन) टूटे हुए हैं, जिस कारण वह जंगल में शिकार करने में असमर्थ हो रहा होगा। मारे गए तेंदुए की उम्र नौ से दस वर्ष के बीच थी। वन अधिकारी ने कहा कि इन बातों से अंदाज लगाया जा रहा है कि यह वही तेंदुआ हो सकता है, जिसने आयशा को अपना शिकार बनाया होगा। उन्होंने बताया कि परीक्षण के लिए तेंदुए के नमूने वन्य जीव प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News