देहरादून में संतों और धर्माचार्यों ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट, संत समाज ने CM को बताया देवभूमि का धर्म-संरक्षक

punjabkesari.in Thursday, Nov 06, 2025 - 08:11 AM (IST)

देहरादूनः देश के प्रमुख संतों और धर्माचार्यों ने बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर राज्य की प्रगति, सांस्कृतिक संरक्षण और आध्यात्मिक समृद्धि के लिए किए जा रहे उनके प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री आवास में संत समाज ने प्रदेश में सकारात्मक बदलाव, विरासत संरक्षण और धार्मिक-सांस्कृतिक मानकों को सुदृढ़ करने वाले निर्णयों की प्रशंसा की और मुख्यमंत्री को ‘‘देवभूमि का धर्म-संरक्षक'' बताया।

संतों ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। संत समाज ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि वे हरिद्वार में 2027 में होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और विश्वस्तरीय बनाने के लिए सरकार के साथ कंधे-से-कंधा मिलाकर कार्य करेंगे। संतों का कहना था कि कुंभ केवल एक धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि यह एक सनातन परंपरा, भारतीय संस्कृति और वैश्विक आध्यात्मिक चेतना का महासंगम है, जिसे ऐतिहासिक स्वरूप देना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में उपस्थित संतों और आध्यात्मिक गुरुओं ने उत्तराखंड स्थापना की रजत जयंती के लिए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री से भेंट करने वालों में जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वर महाराज, आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी महाराज, स्वामी अवधेशानंद गिरि, स्वामी चिदानंद सरस्वती, स्वामी रविंद्रपुरी महाराज, पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, आचार्य बालकृष्ण, जया किशोरी, कवि डॉ. कुमार विश्वास और अन्य प्रतिष्ठित संत-महात्मा एवं धर्माचार्य शामिल थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News