30, 31 , 1 और 2 तारीख को बारिश और बर्फबारी की आशंका, मौसम विभाग ने की बड़ी भविष्यवाणी

punjabkesari.in Monday, Dec 29, 2025 - 12:08 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक मौसम विभाग ने बड़ी चेतावनी दी है। इन चार जनपदों में बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई है। वहीं, आज यानी सोमवार को कई जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक राज्य में 30, 31 , 1 और 2 तारीख को मौसम बिगड़ेगा। इस दौरान उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई गई है। आज सोमवार को हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी में कोहरा छाया रह सकता है। इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। देहरादून में भी आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 23°C और न्यूनतम तापमान 08°C रहने की संभावना है।

नैनीताल सहित मैदानी क्षेत्रों की बात करें तो सोमवार सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है। जिससे तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है तथा सुबह-शाम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। कोहरे के कारण द्दश्यता कम होने से सुबह के समय लोगों को आवाजाही में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंड बढ़ने के साथ ही आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News