उत्तराखंडः मौसम विभाग ने दी बड़ी चेतावनी, आज इन जिलों में बारिश और बर्फबारी की आशंका; अलर्ट जारी

punjabkesari.in Saturday, Dec 20, 2025 - 09:06 AM (IST)

नैनीतालः  आज यानी शनिवार को उत्तराखंड के मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में  बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जबकि 3500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रो में बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादनू में घना कोहरे का अलर्ट है।

आपको बता दें कि उत्तराखंड में नैनीताल जिले के मैदानी क्षेत्रों में शनिवार को कड़ाके की ठंड पड़ने एवं कोहरे के साथ पाला गिरने से जनजीवन प्रभावित रहा है। आज सुबह कालाढूंगी, रामनगर, पिरूमदारा, बैलपड़ाव सहित आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। वहीं, कई स्थानों पर पाला भी गिर रहा है। ठंड और कोहरे के कारण सुबह के समय जनजीवन प्रभावित रहा।        

मौसम विभाग के अनुसार सुबह करीब सात बजे तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से कम है। ठंडी हवाओं और नमी के चलते ठिठुरन और बढ़ गई, जिससे लोगों को अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। सुबह-सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, कामकाजी लोगों और खेतों में काम करने वाले किसानों को खासा सामना करना पड़ा। पाला गिरने से सब्जी और फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

किसानों का कहना है कि अगर आने वाले दिनों में भी इसी तरह तापमान गिरता रहा तो आलू, मटर और हरी सब्जियों पर असर पड़ सकता है। वहीं, कोहरे के कारण सड़कों पर द्दश्यता कम रही, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव की सलाह दी है।

बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने, सुबह-शाम अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने की अपील की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News