16, 17, 18, 19, 20 और 21 फरवरी तक मौसम विभाग ने की बड़ी भविष्यवाणी, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी की आशंका; अलर्ट जारी !
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 09:33 AM (IST)
देहरादूनः उत्तराखंड में कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। दोपहर के समय चटक धूप खिलने से लोगों को गर्मी का एहसास होता है। वहीं, सुबह-शाम के समय ठंड महसूस हो रही है। पहाड़ों में भी मौसम खुशनुमा बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी सामने आई है। आने वाले दो दिनों में राज्य के कई जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है। जबकि पहाड़ों में बर्फबारी की आशंका जताई गई है। फिलहाल, आज यानी सोमवार को बारिश-बर्फबारी का अलर्ट नहीं है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज यानी 16 फरवरी को राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 17 और 18 फरवरी को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। जबकि 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके बाद 19 से 21 फरवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। सोमवार को उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, हरिद्वार, देहरादून, उधम सिंह नगर में बारिश या बर्फबारी का कोई अलर्ट नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में आज यानी 16 फरवरी को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश-बर्फबारी देखने को नहीं मिल सकती है। पहाड़ों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। लेकिन, बारिश-बर्फबारी का कोई अलर्ट नहीं है। जिसकी वजह से तापमान में इजाफा हो सकता हैं।
