पिंडारी ट्रैक से लापता पर्यटक अभिषेक का 16 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 12:11 PM (IST)
बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में स्थित पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता हुए उत्तर प्रदेश के पर्यटक अभिषेक चौहान का शनिवार को 16वें दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों, गहरी खाइयों और पिंडर नदी के किनारों पर लगातार चल रहे सर्च अभियान के बावजूद रेस्क्यू टीमों को अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच और खोज अभियान को और तेज कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी अभिषेक चौहान 28 मई को पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग पर गए थे। 29 मई को वापसी के दौरान खाती गांव से करीब 7-8 किलोमीटर पहले छिल्याणी गधेरे के पास वह अचानक लापता हो गए। उनके साथ मौजूद पोर्टर और गाइड ने उसी रात खाती पहुंचकर घटना की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही बागेश्वर पुलिस और अन्य रेस्क्यू एजेंसियों ने खोज अभियान शुरू कर दिया था। परिजनों की तहरीर के आधार पर 01 जून को थाना कपकोट में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई थी। 12 जून को पुन: पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की धारा 140(3) भी जोड़ कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और प्रशासन भी जोर शोर से पर्यटक की तलाश की जा रही है। सात अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। खोज अभियान में पुलिस, एसडीआरएफ, स्थानीय गाइड और अन्य रेस्क्यू एजेंसियां शामिल हैं। टीमें मैन्युअल सर्च के साथ-साथ अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों और दूरबीनों से पिंडर नदी, खाइयों, प्राकृतिक गुफाओं और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में तलाश कर रही हैं। शनिवार को भी बाछम पुल से सोराग पुल तक नदी किनारे के पूरे क्षेत्र, प्राकृतिक गुफाओं और संभावित स्थानों पर व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। इसके अलावा स्थानीय ग्रामीणों, पशुपालकों और ट्रैकिंग गाइडों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।
