पंचायत चुनावः गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा नैनीताल... 6 राउंड फायरिंग में युवक को लगी गोली, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Thursday, Aug 14, 2025 - 03:25 PM (IST)

उत्तराखंड पंचायत चुनावः आज यानी 14 अगस्त को जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख के लिए मतदान हो रहा है। इसी बीच बेतालघाट क्षेत्र में मतदान के दौरान उस समय हड़कंप मच गया। जब बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय के बाहर गोली चली है। बताया गया कि 6 राउंड फायरिंग में एक युवक को गोली लगी है। उसे अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, मौके पर पुलिस ने स्थिति पर काबू पा लिया है। फिलहाल, मतदान जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय के बाहर हुई है। जहां ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मतदान हो रहा है। सूत्रों की मानें तो ब्लॉक प्रमुख पद के प्रत्याशियों के समर्थक किसी बात को लेकर आपस में भिड़े है। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थकों में मारपीट शुरु हो गई। इसी बीच 6 राउंड फायरिंग की गई। जिसमें गांव निवासी युवक के पैर में गोली लग गई। मौके पर लोगों में भगदड़ मच गई।
इस घटना की जानकारी पर पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरम पानी भेजा है। पुलिस ने बमुश्किल हंगामे पर काबू पाया। बता दें कि जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख के लिए मतदान हो रहा है। आज शाम को ही मतगणना के बाद नतीजे जारी हो जाएंगे।