उत्तरकाशी में भयानक हादसाः 22 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत, सिर पर लगी गंभीर चोट; परिवार में कोहराम

punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 10:30 AM (IST)

टिहरीः उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर ब्लॉक के कांडा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। निर्माणाधीन होटल की बिल्डिंग में काम कर रही एक गर्भवती महिला की सिर पर लकड़ी की बल्ली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के पास स्थित निर्माणाधीन होटल में यह हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय प्रमिला पत्नी भीम सिंह, निवासी ग्राम चपाड़ी (जिला गुमला, झारखंड), साइट पर मिक्सर मशीन में काम कर रही थी। इसी दौरान दूसरी मंजिल से अचानक लकड़ी की भारी बल्ली गिरकर सीधे उसके सिर पर आ लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। मौके पर मौजूद ठेकेदार ने घायल महिला को तुरंत संयुक्त चिकित्सालय नरेंद्रनगर पहुंचाया, जहां डॉ. स्वर्णिका त्यागी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका आठ से नौ माह की गर्भवती थी।

उसके परिवार में पति और डेढ़ साल का बेटा और ढाई साल की मासूम बेटी है। पति-पत्नी पिछले पांच-छह वर्षों से क्षेत्र में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। थानाध्यक्ष देवराज शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में हादसा दूसरी मंजिल से लकड़ी की बल्ली गिरने के कारण हुआ है। फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव को पोस्टमाटर्म के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया है। रिपोटर् आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News