देहरादून में भीषण हादसाः 26 वर्षीय युवक की मौत, वाहन नदी में गिरा; मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 05:13 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के देहरादून जिला अंतर्गत डाकपत्थर क्षेत्र में बुधवार को एक अनियंत्रित पिकअप वाहन नदी में जा गिरा। सूचना पर पहुंची राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) टीम ने सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे बह रही नदी से कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन से एक शव बरामद किया।

एसडीआरएफ प्रवक्ता निरीक्षक विनीत देवरानी ने बताया कि आज थाना कालसी से सूचना प्राप्त हुई कि कोठी इछाड़ी रोड, लालढांग के समीप एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ के पोस्ट डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। जिसने घटना स्थल पर पहुंचकर पाया कि पिकअप वाहन सड़क मार्ग से 200 मीटर नीचे नदी में बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।

उन्होंने बताया कि टीम द्वारा रोप की सहायता से नीचे खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई और वाहन में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला लेकिन दुर्भाग्यवश उसकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। देवरानी ने बताया कि मृतक की पहचान अजय भाटी (26) पुत्र दिलेराम भाटी के रूप में हुई है। वह अंबाड़ी, विकासनगर, देहरादून का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि टीम द्वारा शव को बाहर निकालकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News