हल्द्वानी में युवती से छेड़खानी: मनचलों ने बाइक से किया पीछा, बाल पकड़कर खींचे; पूरी वारदात कैमरे में कैद

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 05:42 PM (IST)

Uttarakhand News: उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। देर रात बाइक से घर लौट रही एक युवती और उसके मुंहबोले भाई का कुछ मनचलों ने पीछा किया, बदतमीजी की और मारपीट भी की। डर के कारण दोनों को सड़क पर भागकर जान बचानी पड़ी।

बाल पकड़कर युवती को खींचा गया
हल्द्वानी के कोतवाली क्षेत्र में एक युवक अपनी बहन के जन्मदिन की पार्टी के बाद उसकी सहेली को बाइक से घर छोड़ने जा रहा था। रात ज्यादा हो चुकी थी। रास्ते में मिनी स्टेडियम के पास बुलेट बाइक पर सवार दो युवक हूटर बजाते हुए आए और युवती पर अश्लील टिप्पणी करने लगे। जब युवक ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। जेल रोड चौराहे पर उन्होंने बाइक रुकवाकर युवक के साथ मारपीट की। युवती ने बचाव करने की कोशिश की तो उसके साथ भी बदसलूकी की गई और बाल पकड़कर खींचा गया।

युवती ने चलते-चलते फोन कर मांगी मदद
किसी तरह दोनों वहां से भाग निकले, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते रहे। डरी हुई युवती ने चलते-चलते अपने घर फोन कर मदद मांगी। दोनों बरेली रोड की तरफ जाकर एक जगह छुप गए। बाद में युवती के घरवाले वहां पहुंचे, तब जाकर दोनों सुरक्षित हुए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट, गाली-गलौज और गाड़ी तोड़ने का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News