Nainital News... गर्जिया मंदिर के संरक्षण के लिए धामी सरकार ने दी 5.79 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

punjabkesari.in Friday, Mar 15, 2024 - 03:38 PM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने रामनगर के प्रसिद्ध गर्जिया मंदिर के बाढ़ से संरक्षण के लिए 5.79 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।

देहरादून में गुरुवार को आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत गर्जिया मंदिर के मुख्य टीले को कोसी नदी के बाढ़ से बचाने के लिए आपदा प्रबंधन के तहत योजना तैयार की जाएगी। कोसी नदी के बीचोंबीच टीले में मौजूद ऐतिहासिक गर्जिया मंदिर को बाढ़ से खतरा उत्पन्न हो गया है। बाढ़ के चलते टीले में दरारें आ गई हैं। इससे कई सौ पुराने मंदिर के अस्तित्व को खतरा उत्पन्न हो गया है। मंदिर के संरक्षण के लिए लंबे समय से स्थानीय लोग और पुजारी सरकार से गुहार लगाते आ रहे थे।

गौरतलब है कि धामी सरकार की ओर से गत रविवार को नैनीताल के बहुप्रसिद्ध कैंची धाम के सौंदर्यीकरण के लिए भी 28 करोड़ की धनराशि को स्वीकृति दी गई है। प्रदेश सरकार मानस खंड परियोजना के तहत कुमाऊं के मंदिरों के संरक्षण, विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य में जुटी है। सरकार की इस घोषणा से स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों में खुशी की लहर व्याप्त है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News