नहीं रहे भारत के पूर्व बास्केटबॉल कप्तान हरिदत्त कापड़ी, आज रामेश्वर घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

punjabkesari.in Thursday, Apr 10, 2025 - 04:01 PM (IST)

पिथौरागढ़ः भारत के दिग्गज बास्केटबॉल खिलाड़ी और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान हरिदत्त कापड़ी का उनके आवास पर निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे और बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। कापड़ी के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे हैं। आज यानी गुरुवार को उनका रामेश्वर घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

आपको बताते चलें कि पूर्व कप्तान हरिदत्त कापड़ी का जन्म वर्ष 1942 में पिथौरागढ़ जिले के मुवानी क्षेत्र के चिरियाखान गांव में हुआ था। जिन्हें 1969 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उनके नेतृत्व में ही भारतीय बास्केटबॉल टीम वर्ष 1969 में एशिया में सातवें से चौथे स्थान पर पहुंच गई थी। भारतीय बास्केटबॉल टीम ने 1965 से 1978 तक उनकी कप्तानी में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। कापड़ी को उत्तराखंड सरकार ने लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से भी सम्मानित किया था।

पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने कहा, ‘‘वह बास्केटबॉल के असाधारण खिलाड़ी थे। उन्होंने खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के कारण भारतीय टीम को एशिया में चौथे स्थान पर लाकर देश को गौरवान्वित किया था।'' उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।      


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News