उत्तराखंड में चुनाव में ताबड़तोड़ फायरिंग! पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा, 3 आरोपी यूपी से गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Aug 21, 2025 - 11:12 AM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड के बेतालघाट ब्लाक प्रमुख चुनाव के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को उप्र के लखीमपुर से गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीएन मीणा ने मामले का खुलासा किया है।
मिली जानकारी के अनुसार 14 अगस्त को बेतालघाट ब्लाक प्रमुख चुनाव के दौरान कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत पैदा करने का प्रयास किया था। इस घटना में महेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ गोधन सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। वादी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी समेत उसके तीन साथी फरार थे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू सहित तीन आरोपियों को बुधवार को लखीमपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से एक अदद देशी पिस्टल और 32 बोर के 03 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अमृतपाल सिंह उर्फ पन्नू निवासी ग्राम रोशनपुर, गूलरभोज, ऊधमसिंह नगर, गुरमीत सिंह उर्फ पारस निवासी ग्राम बेरिया दौलत, केलाखेड़ा, ऊधम सिंह नगर और प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर निवासी मुंडिया कला, बहादुरगंज, बाजपुर, हाल निवासी पीरूमदारा, रामगनर, नैनीताल शामिल हैं।
पुलिस को जैसे ही आरोपियों के बारे में पता चला पुलिस टीम ने उनके वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपी जैसे ही लखीमपुर में भीरा कस्बे में एक मेडिकल स्टोर पर रूके पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। मीणा के अनुसार आरोपियों का आपराधिक इतिहास है और अमृतपाल उर्फ पन्नू रामनगर में हत्या के मामले में जबकि प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर के खिलाफ रामनगर में मारपीट और धोखाधड़ी में दो अभियोग पंजीकृत है।