मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता सेनानियों को दी श्रद्धांजलि
punjabkesari.in Friday, Aug 15, 2025 - 03:54 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को 79वें स्वतंत्रता दिवस पर सचिवालय में ध्वजारोहण किया। मुख्य सचिव बर्द्धन ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। कहा कि यह देश उनका ऋणी है।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि यह दिन हमें उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, साहस और समर्पण को याद करने का अवसर देता है। जिन्होंने हमें आज़ादी का अनमोल उपहार दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। ये केवल संकल्पना नहीं हैं, बल्कि राज्य इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कठोर परिश्रम कर रहा है।
आनंद बर्द्धन ने कहा कि आप सभी के सहयोग से समृद्ध और सशक्त उत्तराखंड की संकल्पना तेजी से साकार हो रही है। उत्तराखंड ने विगत वर्षो में विभिन्न क्षेत्रों में कई महत्त्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की है, जिसके फलस्वरूप हम सशक्त उत्तराखंड के लक्ष्यों को प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति और युवा शक्ति की अहम भागीदारी से हमारा प्रदेश सर्वश्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी की ओर अग्रसर है।