Chamoli Glacier Burst: "हादसे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना हमारी प्राथमिकता", अमित शाह ने CM धामी से की बात

punjabkesari.in Friday, Feb 28, 2025 - 04:42 PM (IST)

नई दिल्ली/ देहरादूनः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर हिमस्खलन में फंसे लोगों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता बर्फ के नीचे दबे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रहे भारी हिमपात के बीच चमोली जिले में बद्रीनाथ के निकट माणा में शुक्रवार को हिमस्खलन से 41 मजदूर बर्फ में दब गए।

अमित शाह ने ‘एक्स' पर कहा, ‘‘उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर फटने के संदर्भ में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी, भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक (डीजी) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के डीजी से बात की। हादसे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना हमारी प्राथमिकता है। स्थानीय प्रशासन बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से लगा हुआ है। एनडीआरएफ की दो टीम भी जल्द ही घटनास्थल पर पहुंच रही हैं।''

उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने बताया कि निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की सड़क किनारे बनी झोपड़ियों पर हुए हिमस्खलन से 57 मजदूर बर्फ के नीचे दब गए थे। हालांकि, इनमें से 16 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि दबे 41 अन्य मजदूरों को निकालने का काम जारी है। बद्रीनाथ से लगभग तीन किलोमीटर दूर माणा भारत-तिब्बत सीमा पर बसा आखिरी गांव है जो 3,200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News