उत्तराखंड पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़: तीन आरोपियों को लगी गोली, इलाज के दौरान एक की मौत

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 02:28 PM (IST)

देहरादून: देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति से लूटपाट के बाद उसे गोली मारकर भाग रहे कार सवार तीन बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें एक लुटेरे की मौत हो गयी तथा एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। 

मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ बदमाश 
पुलिस ने बताया कि लूटपाट की घटना के दौरान बदमाशों द्वारा गोली मारे जाने से घायल पीड़ित देवराज तथा बदमाशों से मुठभेड़ के दौरान घायल हुए प्रेमनगर के थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात लूटपाट और गोली मारे जाने की सूचना मिलने पर राठौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे जहां उन्हें देवराज घायल अवस्था में मिला।

तमंचा दिखाकर लूटपाट की घटना को दिया अंजाम 
देवराज ने जानकारी दी कि गुजरात के पंजीकरण नंबर वाली काले रंग की एक कार में सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उससे लूटपाट की। स्कूटी सवार पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने उसके नीले रंग के बैग को छीन लिया जिसमें उसके दो लाख रुपये व एक मोबाइल, एक हिसाब किताब की डायरी तथा उसके पहचान पत्र समेत अन्य कागजात थे। उसने बताया कि लूटने के बाद बदमाश उसे गोली मारकर विश्रांति रिजॉर्ट की ओर भाग गए। पुलिस ने बताया कि घायल पीड़ित को प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे अपने साथ लेकर गई पुलिस ने उसके बताए रास्ते पर बदमाशों का पीछा किया और कुछ दूर आगे उन्हें जंगल में काले रंग की गाड़ी दिखाई दी।

दो आरोपी मौके से फरार 
हालांकि पुलिस को आता देखकर बदमाश पुलिस टीम पर गोलियां चलाते हुए कार छोड़कर जंगल में भाग गए। इसी दौरान एक गोली निरीक्षक राठौर को भी लग गयी जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। हालांकि, उसके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने बताया कि देवराज, राठौर और आरोपी बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान बदमाश की मृत्यु हो गयी।

यूपी का रहने वाला है आरोपी 
मृतक बदमाश की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली के रहने वाले अकरम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का मुआयना करने के बाद अस्पताल पहुंचकर पूरी जानकारी ली। उन्होंने राठौर तथा पीड़ित का हालचाल भी जाना। देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि लूटपाट का शिकार हुआ देवराज झाझरा का रहने वाला है और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। कुमार ने बताया कि फरार बदमाशों की तलाश के लिए जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर सघन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि बदमाशों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News