उत्तराखंड में बड़ा हादसा, 300 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी; 8 लोगों की मौत; अंतिम संस्कार कर लौट रहे थे सभी
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 05:21 PM (IST)
Tehri Road Accident: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में चंबा क्षेत्र के नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर एक गाड़ी 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि हादसे के समय वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। उन्होंने कहा कि सभी यात्री घनसाली क्षेत्र के थ्योलधार गांव के निवासी थे और गांव के एक व्यक्ति के शव का हरिद्वार में अंतिम संस्कार करने के बाद वापस लौट रहे थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को मुस्तैदी से बचाव एवं राहत कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं।

धामी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।" उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
