उत्तराखंड में SIR के बाद 8 लाख से ज्यादा मतदाता घटे, अंतिम सूची में 71.58 लाख मतदाता

punjabkesari.in Sunday, Oct 04, 2026 - 10:40 AM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद शनिवार को जारी अंतिम मतदाता सूची में करीब 71.58 लाख मतदाता हैं और यह संख्या एसआईआर शुरू होने के समय की तुलना में करीब आठ लाख कम है। हालांकि, मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने दावा किया कि मतदाताओं की संख्या में करीब 14 लाख की कमी आई है। 

कांग्रेस नेता मनोज रावत के अनुसार, उनकी पार्टी का मानना है कि एसआईआर से संबंधित प्रक्रिया शुरू होने से पहले उत्तराखंड में 85.19 लाख मतदाता थे, जो अब घटकर 71.58 लाख रह गए हैं। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, एसआईआर शुरू होने के दिन आठ जून को प्रदेश की मतदाता सूची में करीब 79.60 लाख मतदाता थे जबकि गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संकलन के बाद 14 जुलाई को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में करीब 71.33 लाख मतदाता रह गए थे। विज्ञप्ति में कहा गया कि भारत निर्वाचन आयोग ने 14 जुलाई से 13 अगस्त तक मतदाताओं को दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय दिया था, जिसके बाद 13 अगस्त से 28 सितंबर तक उनका निस्तारण किया गया। इसके बाद तीन अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई जिसमें करीब 71.58 लाख मतदाता हैं । अंतिम मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं की संख्या एसआईआर शुरू होने के दिन आठ जून को मौजूद मतदाताओं की संख्या से करीब 8.01 लाख कम है। 

यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल सीमा पर 5.62 करोड़ की चरस बरामद, ई-रिक्शा से तस्करी कर रहा आरोपी गिरफ्तार

विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची में 34,21,036 महिलाएं, 37,37,701 पुरुष और 212 तृतीय लिंग मतदाता हैं। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 72,656 और 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,892 मतदाता शामिल हैं। इसके अनुसार, दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के दौरान 1,29,872 पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 1,04,708 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर आठ जून से एसआईआर की शुरुआत हुई थी। विज्ञप्ति में कहा गया कि अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी किसी कारणवश इसमें शामिल नहीं हो सके व्यक्ति प्रपत्र-6 भरकर ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन या अपने बूथ स्तर अधिकारी (BLO) के जरिए ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे और बीएलओ को भी घर-घर जाकर जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News