Uttarakhand Result: BJP ने एक बार फिर साबित किया अपना प्रभुत्व, पांचों सीटों पर बड़े अन्तर से जीत

punjabkesari.in Wednesday, Jun 05, 2024 - 09:32 AM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के नतीजों में लगातार तीसरी बार प्रदेश की सभी पांच सीट पर जीत हासिल कर मुख्य विपक्षी कांग्रेस को सीधे मुकाबले में शिकस्त देकर एक बार फिर अपना वर्चस्व साबित किया। प्रदेश में 56.8 फीसदी मत प्राप्त करने वाली भाजपा ने इस जीत के साथ ही पर्वतीय प्रदेश में अपना दबदबा कायम रखा है। वर्ष 2014 से लोकसभा चुनावों में अजेय बनी हुई भाजपा 2017 और 2022 विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस को धूल चटा चुकी है।

केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने नैनीताल-उधमसिंह नगर लोकसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के प्रकाश जोशी पर 3,34,558 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। भट्ट को जहां 7,72,671 मत मिले, वहीं जोशी को केवल 4,38,123 वोट प्राप्त हुए। हरिद्वार लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के वीरेंद्र रावत को 1,64,056 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। रावत पहली बार लोकसभा पहुंचे हैं। त्रिवेंद्र सिंह रावत को 6,53,808 मत मिले, वहीं वीरेंद्र रावत 4,89,752 वोट प्राप्त हुए। वीरेंद्र रावत प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पुत्र हैं।

टिहरी गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा की निवर्तमान सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के जोत सिंह गुनसोला को 2,72,493 मतों के अंतर से हराकर एक बार फिर जीत हासिल की। शाह को जहां 4,62,603 मत मिले, वहीं गुनसोला 1,90,110 वोट हासिल कर पाए। टिहरी राजपरिवार से ताल्लुक रखने वाली शाह इस सीट पर लगातार चौथी बार निर्वाचित हुई हैं। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और अल्मोड़ा सुरक्षित संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के प्रदीप टम्टा को 2,34,097 मतों से जीत हासिल की। पौड़ी गढ़वाल सीट पर पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और पार्टी प्रत्याशी अनिल बलूनी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के गणेश गोदियाल को 1,63,503 मतों से हराया। लगातार तीसरी बार प्रदेश में भाजपा को पांचों सीट पर जीत मिली है। भाजपा के शानदार जीत के जश्न में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यहां बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जबरदस्त स्वागत किया।

प्रदेश पार्टी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा धामी को हार पहनाए जाते समय उत्साहित कार्यकर्ताओं ने 'धाकड़ धामी जिंदाबाद' के नारे लगाए। वहीं इस मौके पर धामी ने कहा, ''देश के लोगों ने पिछले 10 सालों में नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री के रूप में किए गए अभूतपूर्व विकास कार्यों के लिए एक बार फिर राजग की सरकार को वोट दिया है। उन्होंने एक मजबूत और स्थिर सरकार दी है, जिसने युवा, महिला, किसान और गरीब सहित हर वर्ग के लिए कल्याणकारी कार्य किए।'' मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटें भाजपा और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को देने के लिए जनता का आभार जताया और कहा, ''डबल इंजन की सरकार राज्य में विकास को और गति देगी।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News