ऋषिकेश: शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध, आरोपी युवक गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 04:24 PM (IST)

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती से शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में मंगलवार को नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गत नौ अगस्त को काले की ढाल, सर्वहारा नगर निवासी महिला ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रामप्रीत साहनी उर्फ गोदन (25) पुत्र बृजराज साहनी ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। 

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश ने पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी। इसी दौरान को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नामजद आरोपी काले की ढाल टेंपो स्टैंड के पास मौजूद है। 

सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे की जानकारी देते हुए नियमानुसार गिरफ्तारी की कार्रवाई की। आरोपी मूल रूप से ग्राम देवसीया, जिला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में सर्वहारा नगर, काले की ढाल, ऋषिकेश में रह रहा था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News