उत्तराखंड सरकार का बड़ा ऐलान ! राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन में की बढ़ोतरी... जानें अब कितना मिलेगा पैसा
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 10:33 AM (IST)
देहरादूनः उत्तराखंड सरकार ने बृहस्पतिवार को पृथक राज्य के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों की पेंशन में वृद्धि का निर्णय लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आंदोलन के दौरान सात दिन जेल गए या घायल हुए आंदोलनकारियों की मासिक पेंशन 6000 रुपये से बढ़ाकर 7000 रुपये कर दी गई है। जबकि इस श्रेणी से भिन्न अन्य राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन 4500 रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा राज्य आंदोलन के दौरान विकलांग हुए, पूर्ण रूप से शय्याग्रस्त होने वाले आंदोलनकारियों की विशेष पेंशन को भी 20,000 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य आंदोलन में जान गंवाने वाले आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन 3000 रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।
इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय आंदोलनकारियों और उनके परिवारों के प्रति सरकार की कृतज्ञता का प्रतीक है।
