Uttarakhand: भाजपा नेता के बेटे ने हूटर बजाकर दिखाई हेकड़ी ! एसडीएम से अभद्रता का भी आरोप; पुलिस ने की ये कार्रवाई
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 04:21 PM (IST)
नैनीतालः उत्तराखंड के नैनीताल में से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां शहर की मालरोड में लगे जाम के बीच भाजपा नेता के बेटे ने गाड़ी का हूटर बजाकर हेकड़ी दिखाई। विरोध करने पर एसडीएम से अभद्रता का भी आरोप लगा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार आज यानी गुरूवार को नैनीताल के माल रोड में वाहनों की भीड़ थी। जिस वजह से लंबा जाम लग गया। इस दौरान वहां से गुजर रही एक गाड़ी का हूटर जोर-जोर से बजाया गया। गाड़ी के ठीक पहले एसडीएम की कार थी। किसी वीआईपी के होने की संभावना को देखते हुए साइड दे दी। लेकिन हूटर लगातार बजता रहा। जिस पर एसडीएम ने विरोध जताया। तभी गाड़ी में बैठा विधायक का बेटा राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए अभद्रता पर उतर आया।
इस दौरान विधायक पुत्र और एसडीएम के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। घटना की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गाड़ी से संबंधित जानकारी ली गई। जिसमें बताया गया कि उत्तर प्रदेश के जहानाबाद विधानसभा के भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल का वाहन है। लेकिन, गाड़ी से संबंधित कई दस्तावेज मौके पर नहीं मिले। फिलहाल, पुलिस ने विधायक पुत्र के वाहन को सीज कर दिया है।
