अमेजन वेयरहाउस में आग लगने से 2 कर्मचारियों की दर्दनाक मौत, इलाके में मचा हड़कंप

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 10:12 AM (IST)

Uttarakhand News: उत्तराखंड के हल्द्वानी में अमेजन गोदाम में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात को रामपुर रोड पर स्थित अमेज़न के गोदाम में अचानक आग लग गई है। डायल-112 पर सूचना मिलने पर एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के साथ ही अग्निशमन बल की टीम मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने के लिए पुलिस और फायर सर्विस की टीमों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अंत में जब अंदर सर्च अभियान चलाया गया तो दो कर्मचारियों के शव बरामद हुए। 

मृतकों की पहचान नरेंद्र प्रसाद (35), निवासी बागजाला, गौलापार तथा अमित आर्य (25) निवासी रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनुसार दोनों की मौत दम घुटने से हुई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News