बेटी से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, 2 युवकों ने पीट-पीटकर की पिता की हत्या, दोनों आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 10:23 AM (IST)

ऊधमसिंह नगर: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने के मामले में पिता के कथित दोनों हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 27 सितंबर को खटीमा के खेतलसंडा खाम स्थित सरकारी नल के पास पानी भरने गई एक युवती के साथ छेड़छाड़ का आरोप है। 

आरोप है कि युवती के पिता रोहित ने इसका विरोध किया तो संजय और सुभाष पुत्रगण स्व. रामभरोसे, निवासी खेतलसंडा खाम ने उनके साथ मारपीट की। तहरीर के अनुसार आरोपियों ने चारपाई की पाटी से रोहित के सिर पर गंभीर वार किए, जिससे मृतक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल रोहित को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

तहरीर पर कोतवाली खटीमा में धारा 103(1), 117(2), 3(5) और 74 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गईं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। आखिरकार पुलिस ने 29 सितम्बर को आरोपियों को पुराने रेलवे फाटक, खेतलसंडा के पास से गिरफ्तार कर लिया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News