हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर मच गई चीख-पुकार, पूरे इलाके में फैली सनसनी
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 10:23 AM (IST)
हरिद्वारः उत्तराखंड के हरिद्वार में बुधवार देर रात हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर भीषण हादसा हुआ है। जहां एक कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हुई। घटना में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, कांगड़ी निवासी प्रवेश किमोठी अपने दो साथियों के साथ बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आती कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल प्रवेश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण भारी संख्या में पुलिस चौकी पहुंचे। उग्र भीड़ ने आरोपी चालक के साथ मारपीट की और चौकी परिसर में तोड़फोड़ कर दी। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी और श्यामपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। देर रात तक भीड़ चौकी पर मौजूद रही, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
