हरिद्वार के विष्णु घाट पर मची चीख-पुकार, यात्रियों में मची दहशत
punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 02:36 PM (IST)
हरिद्वारः उत्तराखंड के हरिद्वार में सोमवार देर रात विष्णु घाट क्षेत्र में पकोड़े व खस्ता कचौरी के खोखों में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आशंका जताई जा रही है कि आग गैस सिलेंडर फटने से लगी। धमाका इतना तेज था कि आसपास के होटलों में ठहरे यात्रियों और स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 1:30 बजे अचानक जोरदार धमाके के साथ आग की लपटें उठीं, जिससे लोग घबराकर कमरों से बाहर निकल आए। कई यात्रियों ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया, जबकि बच्चे भय के कारण रोने लगे। घटना के समय अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, जिससे स्थिति और अधिक भयावह हो गई। खोखों के ठीक सामने स्थित होटलों में ठहरे परिवार अब भी सहमे हुए हैं।
आग की लपटों ने कुछ ही मिनटों में खोखों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और संबंधित विभाग को अवगत कराया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
