PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देहरादून में हुई ‘स्वच्छता लीग मैराथन'', CM धामी ने किया शुभारंभ

punjabkesari.in Sunday, Sep 17, 2023 - 05:35 PM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड, देहरादून में नगर निगम द्वारा आयोजित ‘स्वच्छता लीग मैराथन' का शुभारंभ किया। उन्होंने बाबा केदार, भगवान बदरी विशाल और मां गंगा से मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की। 

PunjabKesari

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के अब तक के नौ साल के कार्यकाल में देश ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। आज दुनिया में भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। वैश्विक स्तर पर भारत की साख बढ़ी है। इक्कीस जून विश्व के अनेक देशों में योग दिवस मनाया जाता है। इसे वैश्विक स्तर पर ले जाने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि भारत की अध्यक्षता में आयोजित जी-20 की देशभर में 200 से भी अधिक बैठकें देश के अनेक स्थानों पर हुई। जी-20 की तीन बैठकें आयोजित करने का अवसर उत्तराखंड को भी मिला। इस समिट में पूरी दुनिया ने भारत की संस्कृति और सामर्थ्य को देखा। वर्ष 2023 को वैश्विक स्तर पर मिलेट वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने भारत के अन्न को वैश्विक स्तर पर अलग पहचान दिलाने का कार्य किया है। आज भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुका है। 

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उन्होंने बाबा केदारनाथ की भूमि से कहा था कि इक्कीसवीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए राज्य सरकार हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार से राज्य को हर क्षेत्र में पूरा सहयोग मिल रहा है। सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का राज्य में तेजी से विस्तार हो रहा है। मोदी जी के कालखंड में राज्य को डेढ़ लाख करोड़ से अधिक योजनाएं मिली हैं। पर्यटन, कृषि, बागवानी, शिक्षा, चिकित्सा, तकनीकि क्षेत्र सभी में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास, नगर आयुक्त मनुज गोयल, अनिल गोयल उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News