रूड़कीः विजयदशमी पर्व पर रावण की आकृति का अलग अंदाज, दहन के बाद रोकर भी दिखाएगा ये पुतला

punjabkesari.in Saturday, Oct 12, 2024 - 04:11 PM (IST)

रूड़कीः देशभर में आज असत्य पर सत्य की जीत का विजयदशमी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी बीच रुड़की में भी विजयदशमी के पर्व को लेकर तैयारियां की गई है। वहीं इस दशहरा पर्व पर रावण के पुतले दहन को अलग अंदाज में देखा जाएगा। जहां दहन से पूर्व रावण का पुतला हंसता हुआ दिखेगा,वहीं पुतले को आग लगाने के उपरांत रोकर भी दिखाएगा।

जानकारी के अनुसार रुड़की के नेहरू स्टेडियम में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के विशालकाय पुतले तैयार किए गए हैं। वहीं इस मौके पर दशहरा कमेटी के सदस्य ने बताया कि इन पुतलों को बनाने वाले कारीगर मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। इसी के साथ ही कहा कि उनकी पिछली कई पीढ़ी यहां पर कारोबार करती चली आ रही है। इसके चलते कारीगरों की कला व काम के प्रति लगन को देखते हुए इस बार भी उन्हें पुतले बनाने के लिए बुलाया गया है। साथ ही अन्य कमेटी सदस्यों ने जानकारी दी है कि रुड़की का दशहरा उत्तराखंड का प्रसिद्ध दशहरा है। उन्होंने कहा कि दशहरे को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। ऐसे में शाम के समय भगवान राम द्वारा पुतला दहन के समय लोगों की भीड़ उमड़ने वाली है। इसके चलते उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए है। साथ ही बताया कि स्टेडियम में पूरे अनुशासन के साथ ही दशहरा पर्व का आयोजन होता आया है। वहीं आज भी उम्मीद जताई गई है कि पूरा कार्यक्रम सुख व शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न होगा।

वहीं इस मौके पर पुतले बनाने वाले कारीगर शकील अहमद ने कहा कि उनके द्वारा रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के विशालकाय पुतले बनाए गए हैं। इस दौरान खास बात यह रहेगी कि रावण का पुतला हंसने के साथ-साथ आग लगने के बाद रोकर भी दिखाएगा। जिसको लेकर क्षेत्रवासियों को एक नई चीज देखने को मिलेगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News