Rishikesh News: गंगा नदी से अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, शिनाख्त में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 05:14 PM (IST)
ऋषिकेशः उत्तराखंड के ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट क्षेत्र में गुरुवार को गंगा नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार शव 72 सीढ़ी के पास पुरानी चुंगी के नीचे गंगा नदी से निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
त्रिवेणी घाट चौकी पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी और डूबने की घटनाओं का मिलान कर रही है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 65 वर्ष है। वह सफेद रंग का कुर्ता-पजामा पहने हुए था। रंग गोरा, बाल सफेद व माथा गंजा बताया गया है, जबकि दाढ़ी हल्की सफेद है। मृतक के दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में आर एस भारतीया गुदा होना बताया जा रहा है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को उक्त हुलिए के व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी हो या हाल ही में किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना हो, तो तत्काल कोतवाली ऋषिकेश या त्रिवेणी घाट चौकी में सूचित करें।
