रुद्रप्रयाग में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस, पुलिस परेड बनी आकर्षण का केंद्र

punjabkesari.in Monday, Jan 27, 2025 - 12:01 PM (IST)

रुद्रप्रयागः जनपद रुद्रप्रयाग में 76वें गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम गुलाबराय मैदान में आयोजित किया गया। जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में प्रतिभाग कर झंडारोहण किया तथा परेड का निरीक्षण कर परेड की सलामी ली।

आपको बता दें कि गणतंत्र दिवस पर पुलिस विभाग द्वारा गुलाबराय मैदान में मुख्य आकर्षण पुलिस परेड रही। जिसमें सशस्त्र पुलिस,नागरिक पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड महिला, पीआरडी, एनसीसी ने प्रतिभाग किया। इसके साथ ही भारतीय सेना की टुकड़ी 6 ग्रेनेडियर रेजीमेंट ने भी प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने जनपद वासियों सहित कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं आम जनमानस को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी भली भांति विज्ञ हैं कि सदियों की गुलामी के बाद हमारा देश सन् 15 अगस्त 1947 को आजाद हुआ। देश में सशक्त लोकतंत्र की स्थापना बनाये जाने हेतु संविधान सभा द्वारा 26 नवम्बर 1949 को लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में संविधान का स्वरूप अंगीकार किया गया और  26 जनवरी 1950 को देश का संविधान लागू किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के इस पावन पर्व पर प्रत्येक भारतीय के मन में देशभक्ति की लहर और मातृभूमि के प्रति अपार स्नेह भर उठता है। डीएम ने कहा कि यह गौरवशाली दिन हमें देश के उन ज्ञात-अज्ञात शहीदों के निस्वार्थ बलिदान को प्रमुखता से याद दिलाता है। जिन्होंने आजादी के संघर्ष में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। कहा कि यह दिवस देश के सभी नागरिकों के लिए स्वतंत्रता, समरसता एवं भाईचारे के आदर्शों के प्रति अपनी आस्था को प्रदर्शित करने का भी एक सुनहरा अवसर है। भारतीय संविधान के अनुसार हमारे देश में सम्पूर्ण प्रभुत्व सम्पन्न लोकतांत्रिक गणराज्य के साथ संसदीय व्यवस्था का स्वरूप स्थापित किया गया है। जिसमें जनता को बहुमत देने का बहुमूल्य अधिकार प्रदत्त है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News