चारधाम यात्रा पर गहराया ईंधन संकट, इन मार्गों पर पेट्रोल-डीजल की किल्लत, CNG पंप 3 दिनों से बंद
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 06:36 PM (IST)
देहरादून: अमेरिका, ईरान युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति में गिरावट के बीच उत्तराखंड में प्रचलित चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंपों में तेल की आपूर्ति कम हो गई है। तेल कंपनियों द्वारा लगातार आपूर्ति पर्याप्त होने के दावों के बीच पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की अनुपलब्धता से वाहन स्वामी और चालकों के साथ ही, यात्रियों के सामने परेशानी खड़ी होने लगी है।
सीएनजी पंप बीते तीन दिनों से बंद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में चारधाम यात्रा में जाम के कारण प्रदेश में सीएनजी, पेट्रोल और डीजल की किल्लत बढ़ने लगी है। ऋषिकेश के श्यामपुर स्थित सीएनजी पंप बीते तीन दिनों से बंद है। इसकी वजह से हरिद्वार ऋषिकेश मार्ग पर चलने वाले ऑटो संचालकों को काफी दिक्कत हो रही है। चारधाम यात्रा मार्ग के श्रीनगर में पेट्रोल पंप खाली हो गए हैं। जोशीमठ में पेट्रोल और डीजल की कमी से यात्री परेशान हैं।
इन मार्गों पर ईंधन की दिक्कत
उत्तरकाशी में यमुनोत्री और गंगोत्री मार्ग पर भी पेट्रोल पंप पर ईंधन की दिक्कत है। सोमवार को ज्योतिर्मठ के पेट्रोल पंप पर तेल खत्म होने से श्रद्धालुओं में भारी रोष हो गया। बाद में इंतजाम कर बड़े वाहनों को पांच लीटर तथा छोटे वाहनों को दो लीटर पेट्रोल देकर भेजा गया। उत्तरकाशी में गंगोत्री धाम मार्ग पर मात्र चिन्यालीसौड़ और जनपद मुख्यालय के पेट्रोल पंप में ही डीजल पेट्रोल मिल रहा है। मातली डुंडा, ज्ञानसू आदि स्थानों पर पेट्रोल डीजल की आपूर्ति ठप है। यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर बड़कोट में पेट्रोल पंप बंद है।
कर्णप्रयाग में पेट्रोल और डीजल की किल्लत नहीं
मात्र नौगांव में आपूर्ति पूरी हो पा रही है। इस कारण जनपद मुख्यालय के पेट्रोल पंप पर लंबा जाम लगा हुआ है। कर्णप्रयाग में पेट्रोल और डीजल की किल्लत नहीं है। यहां पेट्रोल पंप पर दोपहिया वाहनों को 300 और बड़े वाहनों को एक हजार रुपए का तेल दिया जा रहा है। नई टिहरी जिले में संकट को देखते हुए चार पहिया वाहनों को अधिकतम 500 रुपये और दोपहिया वाहनों को 100 रुपये का ही पेट्रोल दिया जा रहा है।
इसी तरह पौड़ी और रुद्रप्रयाग में वाहन चालकों को निर्धारित मात्रा में ही पेट्रोल दिया जा रहा है। दूसरी ओर, कल पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी के बाद राज्य में भी ईंधन की नई कीमतें लागू हो गई हैं। पेट्रोल के दाम में 2.55 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है, जिसके बाद इसकी कीमत 100.50 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई। डीजल 2.72 रुपये प्रति लीटर महंगा होकर 95.90 रु प्रति लीटर बिक रहा है।
