सरेआम गुंडागर्दी ! धारदार हथियारों से युवक पर जानलेवा हमला, पूरे गांव में मची दहशत

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 01:23 PM (IST)

हरिद्वारः उत्तराखंड में हरिद्वार के झबरेड़ा में सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। जहां कुछ अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से युवक पर जानलेवा हमला किया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना जनपद के कोटवाल आलमपुर गांव के पास हुई है। जहां सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को घेरकर उस पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूत्रों के मुताबिक तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। अचानक हुए हमले से घबराकर बाइक सवार दो युवक मौके से जान बचाकर भाग निकले, जबकि राहुल हमलावरों के चंगुल में फंस गया।      

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने राहुल पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख हमलावर घायल युवक को वहीं छोड़कर फरार हो गए।      

ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News