Nainital News: नया ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू ! घर से निकलने से पहले पढ़ें...

punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 09:24 AM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड के हल्द्वानी के गौलापार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने जा रही क्रिकेट प्रतियोगिता के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान और पार्किंग व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था आगामी 11 मार्च से 14 मार्च तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से मैच समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।

जारी यातायात योजना के अनुसार तीनपानी से गौलापार रोड होते हुए काठगोदाम की ओर जाने वाले सभी भारी मालवाहक वाहनों को गौला पुल कुंवरपुर कट से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन कुंवरपुर तिराहा, खेड़ा चौराहा और महाकाली जनरल स्टोर तिराहा होते हुए काठगोदाम की ओर जाएंगे। वहीं, काठगोदाम क्षेत्र से गौलापार रोड होते हुए तीनपानी की ओर जाने वाले भारी वाहन महाकाली जनरल स्टोर तिराहा से खेड़ा चौराहा और कुंवरपुर तिराहा होते हुए गौलापुल के रास्ते तीनपानी की ओर भेजे जाएंगे।

मैच के दौरान वीआईपी मेहमानों के वाहनों के लिए स्टेडियम के मुख्य द्वार के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आयोजनकर्ता, पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों, पत्रकारों तथा खिलाड़ियों को लाने-ले जाने वाली बसों के लिए स्टेडियम गेट नंबर-01 के अंदर पार्किंग निर्धारित की गई है। इसके अलावा क्रिकेट मैच देखने आने वाले दर्शकों के वाहनों की पार्किंग स्टेडियम के गेट नंबर-02 के बाईं ओर की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने दर्शकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि मैच के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News