गंगा दशहरा पर बड़ा हादसा टला, स्नान के दौरान गंगा की तेज धारा में फंसे हरियाणा के श्रद्धालु को SDRF ने बचाया
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 04:30 PM (IST)
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा दशहरा स्नान पर्व के अवसर पर एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब गंगा में स्नान के दौरान तेज बहाव की चपेट में आए एक व्यक्ति को राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा के झज्जर निवासी टीनू कुमार (45) पुत्र महावीर सिंह गंगा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचे थे। स्नान के दौरान वह अचानक गंगा के तेज बहाव में बहने लगे और हाथी पुल क्षेत्र में लगी सुरक्षा जंजीर तक पहुंचकर उसमें फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार व्यक्ति नशे की अवस्था में प्रतीत हो रहा था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात एसडीआरएफ की टीम ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने सूझबूझ और सावधानी के साथ बचाव अभियान चलाकर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद टीम ने व्यक्ति को प्राथमिक समझाइश देते हुए भविष्य में नशे की हालत में गंगा या किसी भी जलधारा में स्नान न करने की हिदायत दी। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से परिजनों एवं साथियों के सुपुर्द कर दिया गया। सफल रेस्क्यू के बाद परिजनों तथा मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने एसडीआरएफ टीम की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं से अपील की है कि सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।
