चमोली के कर्णप्रयाग में एक बार फिर भूस्खलन...घरों में घुसा पहाड़ी से गिरा मलबा, मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Thursday, Jul 03, 2025 - 09:54 AM (IST)

चमोलीः उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रखा है। इसी बीच चमोली के कर्णप्रयाग में एक बार फिर भारी भूस्खलन हुआ है। इस के चलते पहाड़ी से गिरा मलबा आसपास स्थित घरों में घुसा है। लोगों में अफरा-तफरी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार चमोली के कर्णप्रयाग में उमटा के पास फिर भूस्खलन हुआ है। जहां पहाड़ी से मलबा गिरा है। इस दौरान हाईवे मार्ग पर स्थित घरों में मलबा घुस गया है। मौके पर लोगों को घरों से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। साथ ही उन्हें सुरक्षित जगह पर भेजा गया है। सूत्रों से पता चला है कि भूस्खलन होने से हाईवे भी बंद हो गया है।
बता दें कि राज्य के देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज बारिश की संभावना है। प्रदेश भर में सात जुलाई तक मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं।