उत्तराखंड में भीषण हादसाः व्यक्ति की दर्दनाक मौत, वाहन ने कुचल डाला; मचा कोहराम

punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 10:43 AM (IST)

हरिद्वारः उत्तराखंड में हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के एक्कड़ कला में गुरुवार देर रात फैक्ट्री से ड्यूटी कर लौट रहे मजदूर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। जिससे मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी। शुक्रवार दोपहर पोस्टमाटर्म के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण शव को लेकर सीधा गांव के चौराहे पर पहुंचे। सड़क पर शव रखकर उन्होंने जाम लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने आज यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पथरी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए, जब एक मजदूर की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया और प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और समझाबूझाने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने बताया कि हादसा एक्कड़ कलां डंपिंग जोन के पास हुआ। मृतक की पहचान सोनू (40) पुत्र नेकीराम के रूप में हुई है। वह रोशनाबाद सिडकुल की एक फैक्ट्री से ड्यूटी कर घर लौट रहा था तभी देर रात करीब एक बजे अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव कब्जे में लिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। उनका आरोप है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने से लगातार हादसे हो रहे हैं। मौके पर अनुपमा रावत, अरविंद कुमार और जयंत चौहान भी पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने अज्ञात वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और मृतक परिवार को सरकारी मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने जाम खुलवाकर शव को पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया गया है। जबकि घटनाक्रम की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News