भारी बारिश और आकाशीय बिजली का येलो अलर्ट, हरिद्वार में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 10:53 AM (IST)

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के लिए मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की गई है, जिसके चलते आज यानि पांच सितंबर (शनिवार) को हरिद्वार जनपद के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने छात्र-छात्राओं एवं बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया है। 

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान में 5 सितंबर को हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को एक दिन के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, सभी तहसीलों एवं संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 

यह भी पढ़ें- 281 चुनाव लड़ने वाले ‘धरतीपकड़’ का 97 साल की उम्र में निधन, इंदिरा गांधी और वाजपेयी तक को दी थी चुनौती

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालय अथवा संबंधित विभाग के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News