उत्तराखंड में परमवीर चक्र विजेताओं के लिए अनुग्रह राशि बढ़ाकर डेढ़ करोड़ की, कारगिल दिवस पर सैनिकों को बड़ा तोहफा
punjabkesari.in Saturday, Jul 26, 2025 - 10:27 AM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर सैनिकों को बड़ा तोहफा दिया है। परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि अब डेढ़ करोड़ दी जाएगी।
दरअसल, परमवीर चक्र विजेताओं के लिए अभी तक यह राशि 50 लाख रुपए थी। इसके अलावा, उन्हें वार्षिक अनुदान राशि के रूप में तीन लाख रूपये मिलते रहेंगे। इसकी घोषणा पूर्व में मुख्यमंत्री ने खटीमा में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में की थी। इस संदर्भ में सैनिक कल्याण विभाग के प्रस्ताव को उन्होंने अनुमोदन दे दिया है। परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि में सीधे एक करोड़ रूपए की वृद्धि मुख्यमंत्री की सैनिकों के कल्याण से जुड़े विषयों पर गंभीरता को दर्शाता है।
बता दें कि जून, 2022 से पहले परमवीर चक्र विजेता को मिलने वाली अनुग्रह राशि 30 लाख रुपए थी। कैबिनेट ने 10, जून, 2022 को इस राशि को बढ़ाकर 50 लाख करने का निर्णय लिया। इसके बाद, 14 जुलाई 2022 को इस संबंध में शासनादेश भी जारी हो गया। अब राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एकमुश्त धनराशि को 50 लाख से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये कर दिया है।