अल्मोड़ा में मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के विरोध में उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता, निकाली सांकेतिक शव यात्रा
punjabkesari.in Saturday, Feb 22, 2025 - 03:21 PM (IST)

अल्मोड़ाः विधानसभा सत्र के दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा पहाड़ी समाज पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की सांकेतिक शव यात्रा निकाली।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शव यात्रा को चौघानपाटा पहुंचाया। जहां उन्होंने प्रेमचंद अग्रवाल के पुतले की जूतों से पिटाई की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और कैबिनेट मंत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि प्रेमचंद अग्रवाल को तत्काल मंत्री पद से बर्खास्त किया जाए।
वहीं, हलद्वानी में भी प्रेमचंद्र अग्रवाल पहाड़ छोड़ो और प्रेमचंद्र अग्रवाल मुर्दाबाद के नारे लगाए जा रहे है। हल्द्वानी बुद्ध पार्क में प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया गया है। दरअसल, उत्तराखंड के वित्त और संसदीय कार्य मंत्री द्वारा पहाड़ियों को साला शब्द कहने पर कांग्रेस समेत अन्य संगठनों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने प्रेमचंद्र अग्रवाल से कहा " पहाड़ छोड़ दो" अन्यथा पहाड़ के लोग आपको माफ़ नहीं करेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देवभूमि में आपकी राजनीति चल रही है। आक्रोशित लोंगो ने प्रेमचंद्र अग्रवाल को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने के लिए कहा है। वहीं, आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला फूंक कर अपना आक्रोश दर्ज कराया है।