CM धामी ने की शारदा कॉरिडोर परियोजना की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए ये निर्देश
punjabkesari.in Saturday, Feb 01, 2025 - 05:14 PM (IST)
नई दिल्ली/देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन से शारदा कोरिडोर परियोजना संबंध में बैठक लेते हुए शनिवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉरिडोर के कार्यों में तेजी लाई जाए। इस परियोजना के लिए जल्द ही भूमि का ज्वाइंट सर्वे किया जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कॉरिडोर क्षेत्र में भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र की स्टडी कर उनके सुरक्षात्मक उपायों पर कार्य किए जाएं। इस परियोजना के तहत धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शारदा नदी के किनारे रिवर फ्रंट का विकास किया जाएगा। जिसमें नदी किनारे घाटों का सौंदर्यीकरण, पर्यटकों और श्रद्धालुओं के अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। धामी ने कहा कि शारदा और गंगा कॉरिडोर का मुख्य उद्देश्य राज्य में धार्मिक पर्यटन को और बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना तथा श्रद्धालुओं को सुविधा देना है।
सीएम ने कहा कि दोनों परियोजनाओं में अलग-अलग डिजाइन पर कार्य किए जाएंगे। शारदा कॉरिडोर के तहत बुनियादी ढ़ांचे, पर्यटन और लोगों की आर्थिकी को बढ़ावा देने से संबंधित अनेक कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।